संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहादराबाद में दिव्यांगजनों और शारीरिक रूप से कमजोर लोगों ने अपने लिए अलग काउंटर बनाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि अस्पताल में बढ़ती भीड़ के बीच लंबी कतारों में खड़े होकर उपचार कराने, दवाइयां लेने और जांच करवाने में काफी परेशानी होती है।
स्थानीय दिव्यांग निवासी बिट्टू, अरुण रोहित, गोपाल आदि ने बताया कि सीएचसी में दिव्यांगजनों को प्राथमिकता नहीं मिलने के कारण उन्हें लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। इससे उन्हें शारीरिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि दिव्यांगजनों के लिए अलग काउंटर बनाया जाए तो उन्हें काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से इस दिशा में जल्द कदम उठाने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि अलग काउंटर बनने से दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य सेवाएं लेने में आसानी होगी और उन्हें अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र कुछ महीने पहले ही नए भवन में शिफ्ट हुआ है। फिलहाल भवन में मार्किंग का कार्य चल रहा है। दिव्यांगजनों के लिए अलग काउंटर समेत अन्य जरूरी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी।