- मेलाधिकारी सोनिका को ज्ञापन सौंपकर संतों ने रखीं मांगें, त्रिवेणी घाट पर सुरक्षा रेलिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने का भी किया आग्रह
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच संतों और आश्रमों ने मेलाधिकारी सोनिका को ज्ञापन सौंपकर कुंभ में आने वाले संतों और आश्रमों को निशुल्क भूमि आवंटित करने के साथ बिजली, पानी, शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही त्रिवेणी घाट पर सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का आग्रह किया है।
संतों ने कहा कि कुंभ मेला धार्मिक आयोजन है, व्यापारिक नहीं। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां आते हैं, जिनके ठहरने, भोजन और भजन-कीर्तन की व्यवस्था आश्रमों और अखाड़ों की ओर से की जाती है। ऐसे में भूमि आवंटन के नाम पर शुल्क लेना धार्मिक परंपराओं के खिलाफ है और इससे संतों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से संतों की परंपराओं का सम्मान करने की मांग की।
ज्ञापन में त्रिवेणी घाट के गहरे हिस्सों में सुरक्षा रेलिंग लगाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की मांग भी की गई, ताकि स्नान के दौरान हादसों को रोका जा सके। इसके अलावा जूना अखाड़े के रमता पंचों के नगर प्रवेश के दौरान पूर्व में हुई अंधेरे जैसी अव्यवस्थाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी धार्मिक कार्यक्रमों में प्रकाश, सड़क, पेयजल और सुरक्षा की पहले से व्यवस्था करने का आग्रह किया।
मेलाधिकारी सोनिका ने संतों को उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार कुंभ-2027 की तैयारियां अखाड़ों, आश्रमों और संतों के समन्वय से समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं।