हरिद्वार। अब अक्तूबर से हरिद्वार-देहरादून के बीच यात्री इलेक्ट्रिक ट्रेन से सफर कर सकेंगे। राजाजी पार्क की ओर से कांसरो रेंज में सशर्त काम की अनुमति देकर रेलवे ने काम शुरू कर दिया है।
हरिद्वार-देहरादून के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन दौड़ाने की कवायद रेलवे ने तेज कर दी है। रेलवे ने राजाजी नेशनल टाइगर रिजर्व पार्क से सशर्त अनुमति मिलने के बाद काम शुरू कर दिया है। लक्सर-हरिद्वार के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन दौड़ाने के लिए पिछले साल सितंबर में रेल संरक्षा आयुक्त ने फाइनल निरीक्षण किया था। इसके बाद अक्तूबर में पहली बार लक्सर-हरिद्वार के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन का संचालन शुरू हुआ था। इसके बाद यात्री देहरादून भी इलेक्ट्रिक ट्रेन से देहरादून जाने का सपना संजोने लगे थे लेकिन राजाजी पार्क ने कांसरो रेंज के जंगल में कार्य करने पर रोक लगा दी थी। कई महीनों तक कार्य रुका हुआ था। अब बीते दिनों डीआरएम प्रमोद कुमार समेत आला अधिकारियों ने पार्क अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें कुछ शर्तों के आधार पर कार्य करने की अनुमति मिल गई है। उसके के बाद रेलवे ने रायवाला से कांसरो के बीच पेड़ों की लॉपिंग शुरू कर दी है।
वर्जन
राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क ने कार्य करने की अनुमति दे दी है। रायवाला तक पहले ही लाइन पहुंच चुकी थी अब आगे का कार्य शुरू कर दिया है। अक्तूबर की अंत तक काम भी पूरा कर लिया जाएगा। ट्रायल करने के बाद अक्तूबर से ही हरिद्वार-देहरादून के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
प्रमोद कुमार, डीआरएम, मुरादाबाद मंडल