हरिद्वार। राष्ट्रीय राजाजी पार्क के जंगल में एक युवक का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई है। युवक अपने परिवार के साथ (मूल रूप से बलिया महाराजपुर, यूपी) औद्योगिक क्षेत्र हरिद्वार में एक किराये के मकान में रहता था। सात अगस्त को वह नौकरी ढूंढने के लिए घर से निकला था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हरिद्वार औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी के समीप पार्क के जंगल में मंगलवार दोपहर करीब 26 वर्षीय एक युवक का सिर कटा शव देखा गया। सूचना पर चौकी प्रभारी रंजीत सिंह तोमर पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन करीब पांच दिन पुराने शव से दुर्गंध उठने पर पास खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। इसी बीच हरिद्वार कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया और सीओ सिटी रामचंद्र राजगुरु भी पहुंच गए। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मृतक युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब की एक मोबाइल फोन और मतदाता पहचान पत्र मिला। पहचान पत्र पर उसका नाम नितेश कुमार (पुत्र दिनेश कुमार, मकान नंबर 203, महाराजपुर, बलिया यूपी) लिखा था। पुलिस का मानना था कि पहचान मिटाने के लिए शव से गर्दन अलग की गई है। हत्या की पहेली सुलझाने के लिए पुलिस ने यूपी पुलिस के मार्फत नितेश के परिजनों से संपर्क साधा। वहां से पता चला कि नितेश के माता-पिता औद्योगिक क्षेत्र हरिद्वार में किराए के मकान में रहते हैं।
कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि देर शाम मृतक युवक का पिता दिनेश औद्योगिक क्षेत्र से चौकी पहुंचे और शव की शिनाख्त की। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनका बेटा सात अगस्त से गायब था। वह पहले हरिद्वार औद्योगिक क्षेत्र की इंडिया हर्ट इंडस्ट्रीज कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था। लेकिन किसी कारण से नौकरी छोड़ दी थी। दूसरी नौकरी ढूंढने की बात कहकर नितेश घर से निकला था। पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मियों से पूछताछ कर रही है।