औद्योगिक इकाईयाें के साथ ही अन्य क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोग रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के बाद अब लौटने लगे हैं। जिससे रोडवेज बसों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थिति ये है कि बसों में क्षमता से अधिक ही यात्री बैठाए जा रहे हैं। देहरादून सहित कई रूटों की बसों में शुक्रवार को भारी भीड़ रही। काफी संख्या में यात्री खड़े होकर सफर करते नजर आए।
सिडकुल, बहादराबाद, बेगमपुर, पुराना औद्योगिक क्षेत्र आदि में कई फैक्टरियों में बिजनौर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, मुजफ्फरनगर सहित तमाम इलाकों के लोग नौकरी करते हैं। हर त्योहार पर दो दिन पहले ही सभी अपने घर लौटने लगते हैं। त्योहार के बाद फिर वापसी करते हैं। शुक्रवार को देहरादून, नजीबाबाद, मुरादाबाद सहित कई रूटों की बसों में यात्रियों की भीड़ उमड़ी नजर आई। यात्री बसों चढ़ गए, लेकिन जब सीट नहीं मिली तो खड़े होकर ही सफर करते दिखे। दूसरी तरफ सीटें फुल होने के बाद भी चालक-परिचालक बसाें में यात्रियों को बैठाते रहे। जिससे बसों में क्षमता से अधिक यात्री नजर आए। उत्तराखंड परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक एसएस चौहान का कहना है कि अब स्थिति सामान्य है।