ज्वालापुर की विवेक विहार कॉलोनी में दो पक्षों में रविवार को हुए झगड़े के मामले में पुलिस ने क्रास रिपोर्ट दर्ज की है। एक पक्ष की ओर से महिला अधिवक्ता, उनके पति व बेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि महिला अधिवक्ता की तरफ से दर्ज कराए गए मुकदमे में दूसरे पक्ष की शिक्षिका को नामजद किया गया है।
विवेक विहार कॉलोनी में महिला अधिवक्ता सीमा शर्मा और पड़ोस में रहने वाली शिक्षिका दीपिका पांडेय के बीच रविवार को मारपीट हो गई थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। महिला अधिवक्ता ने तहरीर में दूसरे पक्ष पर मारपीट व गाली-गलौच व कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया।
वहीं दूसरे पक्ष ने महिला अधिवक्ता व उनकी बेटी पर गाली-गलौच, मारपीट व उनके पति पर मारपीट के साथ-साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया। पुलिस ने दीपिका पांडेय की तहरीर पर महिला अधिवक्ता सीमा शर्मा, पति अजय शर्मा व बेटी ऐश्वर्य शर्मा और सीमा शर्मा की तहरीर पर शिक्षिका दीपिका पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ज्वालापुर कोतवाल योगेश सिंह देव ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रास रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।