हरिद्वार। मदद के नाम पर एटीएम कार्ड बदलकर चपत लगाने वाले दो शातिर रविवार को रानीपुर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपियों के कब्जे से 17 एटीएम कार्ड और 70 हजार की नगदी बरामद हुई है।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर शिवालिक नगर की मनीषा पत्नी हरवेश ने सूचना दी कि उसका एटीएम कार्ड बदलकर तीस हजार की चपत लगा चुके दो युवक शिवालिक नगर में घूम रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुए चेतक पुलिसकर्मी राजबीर एवं खजान सिंह ने बीएसएनएल चौक के पास इन युवकों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 17 एटीएम कार्ड व 70 हजार रुपये बरामद हुए। कोतवाली प्रभारी के अनुसार युवकों ने अपने नाम परवेश कुमार पुत्र चतर सिंह निवासी गांव मेहतौली देवबंद सहारनपुर व अर्जुन कुमार पुत्र राजकुमार निवासी लक्ष्मीपुरम कालोनी थाना सदर सहारनपुर बताया। इन्होंने शिवालिक नगर में दो व बहादराबाद में एक घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि यह शातिर अब तक इलाहाबाद, मुरादाबाद, बिजनौर, मेरठ, सहारनपुर, पौड़ी, देहरादून में घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। ये पांचवीं और आठवीं तक पढ़े लिखे है।