शुगर मिल के निदेशक के चालक को डराकर बदमाश उनकी गाड़ी लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी कर लुटेरों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। घटना से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मंगलवार को उत्तम शुगर मिल के निदेशक अशोक अग्रवाल दिल्ली रोड स्थित सेंट्रम होटल में रुके हुए थे।
उनकी टोयटा कार होटल के बाहर खड़ी थी तथा उसके पास ही चालक बह्म सिंह टहल रहा था। बताया जा रहा है कि इस बीच दो युवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक पर पिस्टल तान दी। इससे पहले चालक कुछ समझ पाता युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया। जब उसने भागने की कोशिश की तो बदमाशों ने गाड़ी की चाभी भी ले ली।
इसके बाद वह वाहन को मंगलौर की तरफ ले भागे। घबराए चालक ने घटना की जानकारी होटल के आगंतुक कक्ष में दी। इसके बाद होटल कर्मियों ने निदेशक को इसके बारे में बताया। वाहन लूट होने की जानकारी मिलने पर अशोक अग्रवाल ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना स्थल पर पहुंचे एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल ने पीड़ित से पूछताछ की। इसके बाद सभी स्थानों में चेकिंग शुरू कर दी गई। मगर कोई बदमाश हत्थे नहीं चढ़ा। डोभाल ने बताया कि लुटेरों की तलाश की जा रही है। इसके लिए सभी थानों और चौकियों को सूचित किया गया है। देर रात निदेशक के गाड़ी लूटे जाने की सूचना पर बड़ी संख्या में मिल के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।