सुल्तानपुर में सामूहिक दुष्कर्म के आरापियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज पीड़िता ने बच्चों के साथ आत्मदाह की चेतावनी दी है। महिला ने आरोपी ग्राम प्रधान पर फैसले के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।
मालूम हो कि एक महिला ने 11 मार्च को शमीम, नूरआलम और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने कोर्ट में पीड़िता के बयान भी दर्ज कराए थे, जिसके बाद गैंगरेप का मामला महिला हेल्पलाइन में ट्रांसफर कर दिया गया था।
वहां भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस पर महिला ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने मामले में दोबारा लक्सर कोतवाली को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दे दिये। पीड़िता का कहना है कि वह अधिकारियों के चक्कर लगाकर तंग आ चुकी है। कोई अधिकारी उसकी सुनने को तैयार नहीं है।
वहीं आरोपी उस पर फैसला करने का दबाव बना रहे हैं। पीड़िता ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों को एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह अपने बच्चों के साथ आत्मदाह करने के लिए मजबूर होगी। लक्सर कोतवाली प्रभारी जयदेव आर्य का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अगर ग्राम प्रधान और दो अन्य लोगों पर आरोप सिद्ध होता है तो तीनों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।