हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रही हॉकी की महिला खिलाड़ियों ने जिला क्रीड़ा अधिकारी पर अश्लील हरकतें करने और विरोध करने पर चयन प्रक्रिया से बाहर करने की धमकी देने के आरोप लगाए। शिकायत करने वालों में एक अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी की बहन भी शामिल है। अधिकारी ने आरोपों को निराधार बताया। देर शाम तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया था।
हॉकी का प्रशिक्षण ले रहे लड़के-लड़कियां शुक्रवार को जिला क्रीड़ा अधिकारी कृष्ण कुमार के खिलाफ तहरीर देने एसएसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपों की झड़ी लगा दी। एसएसपी सैंथिल अबूदई कृष्णराज एस ने उन्हें सिडकुल थाने भेज दिया। थाने पहुंचकर उन्होंने जिला क्रीड़ा अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि क्रीड़ा अधिकारी उनसे अपनी बात मानने पर उनकी जिंदगी बना देने अन्यथा करियर बर्बाद कर देने की धमकी देता है। कपड़े बदलते समय छिपकर लड़कियों को देखने का भी आरोप लगाया। मामले की गंभीरता देखकर छात्र-छात्राओं के परिजन भी पहुंचे गए। सीओ सदर राजीव मोहन और थानाध्यक्ष रमेश तनवार ने आरोपी अधिकारी को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया। आरोपी अधिकारी का कहना है फीस नहीं देने पर उन्होंने कुछ बच्चों को स्टेडियम से घर भेज दिया था, उसी वजह से उनके खिलाफ साजिश रचकर आरोप लगाए गए हैं। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। देर शाम तक क्रीड़ा अधिकारी समेत कुछ लोग समझौते के प्रयास में जुटे रहे।