पुलिस ने शुक्रवार तड़के शहर के विभिन्न मोहल्लों में सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 222 किरायेदारों का सत्यापन किया। इसके अलावा चार मकान स्वामियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
शहर में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और संदिग्ध को चिह्नित करने के लिए पुलिस ने किरायेदारों का सत्यापन और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया हुआ है।
शुक्रवार को तड़के कोतवाली रुड़की पुलिस ने मोहनपुरा, सोत मोहल्ला में किरायेदारों का सत्यापन अभियान चलाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बीडी उनियाल ने बताया कि शुक्रवार को क्षेत्र में चलाए गए अभियान में 222 किरायेदारों का सत्यापन किया गया है। इस दौरान चार ऐसे मकान मालिकों पर जुर्माना लगाया है।
जिन्हें अपने किरायेदारों के बारे में कोई भी जानकारी नहीं थी। इन चार मकान मालिकों पर पुलिस एक्ट के तहत 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान जारी रहेगा। क्षेत्र के सभी मोहल्लों में पुलिस टीम किरायेदारों का सत्यापन करेगी। इस कार्य में मकान स्वामी और फिर किरायेदार द्वारा सहयोग नहीं किया जाएगा तो पुलिस कार्रवाई करेगी।