हरिद्वार।
जेल परिसर से कैदी गुरविंदर का वीडियो वायरल होने के प्रकरण में आखिरकार जेल प्रशासन की नींद टूट ही गई। डिप्टी जेलर प्रेम सिंह चौहान की ओर से कैदी गुरविंदर के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। सिडकुल पुलिस जल्द ही कैदी गुरविंदर से वायरल हुए वीडियो के संबंध में पूछताछ कर सकती है। इधर, जेल प्रशासन पूरे प्रकरण से पल्ला झाड़ने में ही जुटा है।
हरिद्वार जेल में कैद कैदी गुरविंदर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह निवासी गांव गजनेरा भट्ठा जिला बरेली उत्तर प्रदेश का वीडियो वॉयरल हुआ था। तीन मिनट आठ सेकेंड के वीडियो में कैदी ने जेल अधीक्षक, डिप्टी जेलर, जेल स्टॉफ पर गंभीर आरोप लगाए थे और आईजी जेल की संवेदनहीनता को लेकर बात कही है। यही नहीं कैदी प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से न्याय की गुहार लगाता भी दिख रहा है। जेल से वीडियो वॉयरल होने पर हरिद्वार जेल प्रशासन के हाथ पांव फूले हुए थे। इधर, आईजी जेल पीवीके प्रसाद ने भी पूरे प्रकरण में जांच बैठा दी थी। वीडियो वायरल होने के बाद हरिद्वार जेल प्रशासन भी हरकत में आया। शुक्रवार की देर रात डिप्टी जेलर प्रेम सिंह चौहान की ओर से कैदी गुरविंदर के खिलाफ जेल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर वीडियो वॉयरल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया। थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं। बता दें कि वीडियो में दिखाई दे रहे कैदी गुरविंदर सिंह से 27 फरवरी को मोबाइल फोन बरामद होने का दावा जेल प्रशासन ने किया था, अगले दिन सिडकुल थाने में डिप्टी जेलर ने ही कैदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।