अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
हरिद्वार- लक्सर मार्ग पर एक हार्डवेयर की दुकान से चोर नगदी सहित कीमती सामान ले उड़ा। सीसीटीवी फुटेज में चोरी की वारदात कैद हो गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोर की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए है।
कनखल क्षेत्र की कृष्णानगर कालोनी में रहने वाले सौरभ टंडन की शिवडेल स्कूल के पास हार्डवेयर की दुकान है। रोजाना की तरह उनका छोटा भाई मन्नू टंडन सुबह दुकान खोलने पहुंचा। शटर खोलने पर वह दंग रह गया। गल्ला टूटा हुआ था और लैपटॉप भी गायब था।
छोटे भाई की सूचना पर तुरंत सौरभ टंडन भी दुकान पर पहुंचा। तब सामने आया कि दुकान की ऊपरी मंजिल पर खिड़की से किसी वस्तु से दरवाजे का कुंडा खोल चोर अंदर दाखिल हुआ था। दुकान के अंदर से गल्ले में रखी बीस हजार की नगदी, एक लेपटॉप एवं ब्रांडेड नल चोरी किए गए हैं। चोरी की सूचना मिलने पर एसआई जयपाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की वारदात कैद हुई है और चोर का चेहरा भी साफ- साफ नजर आ रहा है। थानाध्यक्ष ओमकांत भूषण ने बताया कि चोर के संबंध में जानकारी जुटा रहे हैं। संभवत: चोर आस-पास का हो सकता है।