अमर उजाला ब्यूरो
बहादराबाद।
दो सप्ताह पहले पेपर देने के बाद छात्रा घर नहीं लौटी। उसके पिता ने थाने में एक युवक पर उसे भगाने तथा उसके परिजनों पर फोन से धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार रामपाल पुत्र पलटू राम निवासी रसूलपुर टोंगिया ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी अपने मामा देशराज पुत्र बलवंत के घर बोंगला में रहकर हाईस्कूल के पेपर दे रही थी। 22 मार्च को जब वह पेपर देकर शाम तक लौटी नहीं तो उसके मामा ने लड़की की तलाश की। जब वह नहीं मिली तो उसके परिजनों को सूचना दी। उन्होंने भी रिश्तेदारियों में तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। लड़की के परिजनों ने शक होने पर गांव के ही विपिन पुत्र श्याम कुमार के परिजनों श्याम कुमार, राजेश, शिव चरण पुत्रगण ज्ञानचंद को फोन से लड़की के बारे में जानकरी करने का प्रयास किया तो उल्टा उन्हें धमकी दी गई। छात्रा के पिता ने थाना बहादराबाद में विपिन पुत्र श्याम कुमार पर उसकी लड़की को भगाने एवं उसके परिजनों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।