ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
पैसे दोगुने का झांसा देकर हरियाणा के युवकों से साढ़े नौ लाख की रकम ठग ली गई। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में कनखल पुलिस से शिकायत की है।
मंगलवार को कनखल थाने पहुंचे विकास पुत्र प्रकाश चंद्र निवासी जाटल रोड सौदापुर पानीपत हरियाणा ने बताया कि करीब एक माह पूर्व उसके परिचित दीपक निवासी मॉडल टाउन पानीपत ने एक महिला मीनाक्षी से मुलाकात कराई थी। जानकारी दी थी कि महिला कुछ समय में रकम दोगुनी कर देती है। इस संबंध में उसने अपने एक अन्य परिचित मैनपाल पुत्र महावीर को बताया। आरोप है कि महिला ने रकम लेकर हरिद्वार बुलाया था। सोमवार को विकास, उसका दोस्त यहां पहुंचे और एक होटल में ठहर गए। मंगलवार को मीनाक्षी नाम की महिला हरकी पैड़ी के पास एक पार्किंग में मिली। महिला अपने साथ कार में बैठाकर हाईवे पर गुरुकुल कांगड़ी के पास ले गई। महिला ने उन्हें कार से उतारकर 9.50 लाख की रकम कब्जे में ले ली। फिर महिला अपने साथियों के साथ यह कहकर गई कि वह कुछ देर में लौट रही है लेकिन फिर लौटकर नहीं आई। मोबाइल फोन नंबर पर संपर्क साधा तो वह भी स्विच ऑफ मिला। एसओ हरिओमराज चौहान ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं।