अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर यूपी के देवरिया जिले के युवक ने गंगनहर में कूदकर खुदकुशी करनी चाही। शौकिया गोताखोरों ने समय रहते युवक की जान बचा ली। पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना ज्वालापुर क्षेत्र के पुल जटवाड़ा की है।
शुक्रवार की दोपहर पुल के पास पहुंचे एक युवक ने गंगनहर में छलांग लगा दी। युवक को कूदता देख गंगा घाट के इर्दगिर्द मौजूद शौकिया गोताखोरों ने भी पीछे छलांग लगाकर कुछ दूरी पर उसे बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सतेंद्र पुत्र रामकिशोर निवासी देवरिया यूपी हाल निवासी सिडकुल बताया। कहा कि उसकी पत्नी उसका उत्पीड़न कर रही है। इसलिए जान देने के मकसद से वह गंगनहर में कूदा था। एसएसआई संजीव थपलियाल ने बताया कि युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
महिला ने डीएम से की शिकायत
हरिद्वार। कनखल क्षेत्र के गांव जियापोता की रहने वाली महिला ने अपना घर ढहा देने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की है। डीएम को भेजे पत्र में महिला ममता ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर उसका घर जेसीबी से ढहा दिया। उसने मांग की है कि उसके नुकसान की भरपाई कराने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। आरोप है कि इस दौरान उसकी बेटी के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया।