हरिद्वार। ज्वालापुर पुलिस ने जीआईजी ग्रुप किट्टी के मैनेजर सहित एक महिला पर धोखाधड़ी और किट्टी के रुपये मांगने पर जाने से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर देते हुए पीड़ित राहुल चौहान निवासी धीरवाली ज्वालापुर ने पुलिस को बताया कि जीआईजी ग्रुप किट्टी रेलवे क्रासिंग पुराना रेलवे रोड ज्वालापुर के मैनेजर और श्वेता कश्यप पत्नी नरेश कश्यप निवासी कोटरावान ज्वालापुर ने किट्टी पार्टी के नाम पर धोखे से उनके रुपये हड़प लिए। जब उसने किट्टी के रुपये मांगे तो उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं दूसरी ओर परवेज पुत्र हामिद निवासी कस्सावान की तहरीर पर ज्वालापुर पुलिस ने रविन्द्र देव शर्मा पुत्र राजकुमार निवासी रोहिणी दिल्ली के खिलाफ इलेक्ट्रानिक सामान खरीदने के नाम पर एक लाख रुपये लेना व मांगने पर वापस न देते हुए गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी के देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। ज्वालापुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमर जीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।