हरिद्वार। पतंजलि फार्मेसी में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाते हुए ऋषिकेश के एक युवक ने कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराया है। ऋषिकेश के जीवनी माई रोड के रहने वाले लक्ष्मराज वर्मा पुत्र जितेंद्र वर्मा ने पुलिस को बताया कि पतंजलि फार्मेसी में नौकरी दिलाने के नाम पर उसे दिल्ली में आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन रोड निकट सब्जी मंडी आजादपुर में बुलाया गया और मेडिकल एवं नौकरी के नाम पर पैसे लिए गए। आरोप है कि फिर उसे एक लिफाफा देकर हरिलोक कालोनी में बने एक कार्यालय में भेजा गया। आरोप है कि यहां पहुंचने पर भी उससे पैसे की मांग की गई। संदेह होने पर जब उसने मालूम किया तो पता चला कि यह पतंजलि फार्मेसी में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर रहे हैं और आदर्श इंमपेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के उत्पाद बेचने पर विवश कर रहे हैं। एसआई सतेंद्र नेगी ने बताया कि युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।