हरिद्वार। किशोरी को शादी का झांसा देकर कई साल से रेप कर रहे आरोपी को हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का पिता यूपी सिंचाई विभाग में कार्यरत है। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि पिछले माह रानीपुर क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी ने रेप का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि सोलह साल की उम्र में वर्ष 2014 में उसकी मुलाकात संजय निवासी प्रोजेक्ट कालोनी मायापुर से हुई थी।
बड़ा बाजार में एक मूर्ति की दुकान पर कार्यरत युवक से उसका प्रेम प्रसंग हो गया था। तब युवक ने बालिग होने पर उसे शादी करने का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इसी दौरान उसे पता चला कि युवक पहले से ही शादीशुदा है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी संजय को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।