लादपुर गांव में एक विवाहिता पर बृहस्पतिवार की रात चोरों ने हमला कर घायल करने के बाद घर में रखे 16 हजार रुपये लूट ले गए। विवाहिता के देवर की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। इसमें कुछ लोगों को नामजद किया गया है। लादपुर गांव निवासी कम्मो बृहस्पतिवार की रात घर पर अकेली थी।
रात दो बदमाशों ने घर में घुसकर चोरी का प्रयास किया। अचानक कम्मो की आंख खुल गई तो उसने शोर मचा दिया। इस पर बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने पर महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। बदमाशों ने घर में रखे 16 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए।
कुछ देर बाद घटना का पता पड़ोसियों को चला तो उन्होंने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां कम्मो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़िता के देवर इकराम की ओर से इस बारे में पुलिस को तहरीर दी है। एसएसआई प्रमोद उनियाल ने बताया कि घटना के तहरीर मिल चुकी है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।