हरिद्वार। एक नहीं बल्कि दो पत्नियां होने के बाद भी एक अधेड़ को तीसरी औरत से इश्क लड़ाना उस वक्त महंगा पड़ गया जब प्रेमिका के घर पहुंची दूसरी पत्नी ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। महिला पति को पीटते हुए ज्वालापुर कोतवाली ले आई। कोतवाली में करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद पति के प्रेमिका से भविष्य में मेलजोल न रखने की बात लिखित में देने पर पत्नी का गुस्सा शांत हुआ।
कस्बा बहादराबाद क्षेत्र के रहने वाले पेशे से चालक 48 वर्षीय व्यक्ति ने करीब दस वर्ष पूर्व दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उसके चार बच्चे और दूसरी पत्नी से दो बच्चे हैं। पहली पत्नी बहादराबाद में ही रहती है जबकि दूसरी ज्वालापुर के गांव सीतापुर में किराये के मकान में रहती है। अधेड़ का पास की ही हरिलोक कालोनी की रहने वाली एक महिला से प्रेम प्रसंग हो गया। पिछले एक माह से चल रहे प्रेम प्रसंग की भनक दूसरी पत्नी को लग गई थी। बृहस्पतिवार की शाम दूसरी पत्नी को जानकारी मिली की उसका पति प्रेमिका के घर में मौजूद है। इसी दौरान उसने प्रेमिका के घर धावा बोल दिया। गुस्से से तमतमाई पत्नी ने पति की धुनाई कर दी और प्रेमिका को भी बाल पकड़कर खींचा। आमजन के एकत्र होने पर पत्नी अपने पति को लेकर पीटते हुए सीधे ज्वालापुर कोतवाली पहुंची। पुलिस भी पूरा वाक्या जानकर हक्की बक्की रह गई। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि महिला ने पति के भविष्य में प्रेमिका से कोई संबंध न रखने की बाबत लिखित में देकर कार्रवाई करने की बात से इन्कार कर दिया।