अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
एप्पल स्टोर से 27 लाख का माल ले उड़े दो सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़े हैं जबकि छह सदस्य अभी भी फरार है। हत्थे चढ़े दो सदस्यों के कब्जे से छह आईपैड, दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में एक पुलिस टीम बिहार में ही डेरा डाले हुए है। पकड़े गए आरोपी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले हैं।
कोतवाली ज्वालापुर कैंपस में पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि 27 जनवरी की रात को मध्य हरिद्वार में प्राइम एप्पल स्टोर में चोरी की वारदात को अंजाम देने के आरोप में नेपाल बॉर्डर से एक आरोपी शाहवाज पुत्र सफी मोहम्मद निवासी घोडासन जिला पूर्वी चंपारन बिहार को पकड़ा था। उसकी गिरफ्तारी नेपाल बॉर्डर पर रक्सौल से हुई थी। एसपी सिटी ने बताया कि 22 फरवरी को रक्सौल में ही नेपाल बॉर्डर से गैंग के दो सदस्य पकड़ लिए। बिहार की कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपियों को चार दिन की ट्रांजिट रिमांड पर यहां लाया गया। बताया कि आरोपी विपतदास पुत्र रामनाथ दास एवं प्रभुनाथ पांडे पुत्र विनोद पांडे निवासीगण घोडासन निकट वीरता चौक जिला पूर्वी चंपारण बिहार के कब्जे से चोरी गए माल में से छह आईपैड, दो मोबाइल फोन एवं घटना में इस्तेमाल तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। बताया कि गैंग के छह सदस्य अभी भी पकड़ से बाहर है, जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीम बिहार में डटी है। बताया कि विपतदास हिस्ट्रीशीटर है और प्रभुनाथ पांडे ही शोरूम में घुसकर चोरी को अंजाम देता है। बताया कि आरोपियों के खिलाफ राजस्थान, कोलकाता एवं जम्मू कश्मीर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में मुकदमें दर्ज है।
इस अवसर पर एएसपी रचिता जुयाल, कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह, एसआई कैलाश बिष्ट, कांस्टेबल अजय, शशिकांत त्यागी, चंद्रभान, सतेंद्र शामिल रहे।