ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
उपनगर ज्वालापुर में एक किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आने पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। पिता ने बेटी के साथ दुष्कर्म या बेच देने की आशंका जताई है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर एक दंपति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी बेटी को पड़ोस की रहने वाली एक महिला अपने घर बुलाकर ले गई थी। कुछ समय बाद जब उसकी पत्नी पड़ोसन के घर पहुंची तो वहां न बेटी थी और न ही पड़ोसन महिला। आरोप है कि पूछताछ में किसी परिचित ने बताया कि उसकी नाबालिग बेटी को महिला जाहिदा और उसका पति खुर्शीद व रिश्तेदार अबरार निवासी भट्टा बास गागलहेड़ी सहारनपुर और एक अन्य महिला रानी अपने साथ ले जा रही थी। व्यक्ति ने अपनी बेटी के बारे में इधर-उधर पड़ताल की तो उसका कुछ पता नहीं चल पाया। पीड़ित परिजनों ने बेटी के साथ दुष्कर्म या उसे बेचे जाने की आशंका जताई है। इधर, पीड़ित पक्ष ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही किशोरी की पड़ताल शुरू कर दी गई है।