ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
सिडकुल हाईवे पर शराब की दुकान को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए दोनों पक्ष कोतवाली और गैस प्लांट चौकी में डटे रहे। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ऋषिकेश निवासी रिटायर इंस्पेक्टर भुवनेश शर्मा के नाम से सिडकुल हाईवे पर अंग्रेजी शराब की दुकान का आवंटन पिछले साल हुआ था। आरोप है कि शराब की दुकान का संचालन करने के लिए एक फर्म बनाई गई। उस फर्म में राजेश चौधरी निवासी हरिद्वार समेत कई साझेदार हैं। पिछले कई दिन से दोनों पक्षों के बीच आर्थिक मसले को लेकर विवाद है। आरोप है कि शुक्रवार को रिटायर इंस्पेक्टर भुवनेश ने अपने बेटों और समर्थकों के साथ मिलकर साझेदार राजेश चौधरी की दुकान के अंदर घुसकर पिटाई की। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। राजेश चौधरी का दावा है कि रिटायर इंस्पेक्टर और उनके बेटों ने दुकान की सेल भी लूट ली। इधर, रिटायर इंस्पेक्टर भुवनेश शर्मा ने उनपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि मैं ही अनुज्ञापी हूं और मुझे ही दुकान में घुसने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने दूसरे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि दोनों के बीच दुकान के हिसाब को लेकर विवाद है। दोनों को शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी गई है। बताया कि रिटायर इंस्पेक्टर भुवनेश शर्मा और राजेश चौधरी के खिलाफ मुचलका पाबंद करने की कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है।