हरिद्वार। हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर होटल अलकनंदा के पास ट्रैक्टर ट्राली को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पति अपने समर्थकों के साथ सीपीयू से उलझ गए। सीपीयू का आरोप है कि पूर्व जिपं सदस्य के पति ने बैज फाड़ दिए और पत्थर उठाकर दे मारा। उधर, पूर्व जिपं सदस्य के पति ने पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। सीपीयू के दारोगा की ओर से मुकदमा दर्ज कर नगर कोतवाली पुलिस ने जिपं सदस्य समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार सुबह करीब पौने दस बजे शंकराचार्य चौक की ओर से आ रही एक ट्रैक्टर ट्राली को सीपीयू के दारोगा राजेंद्र नाथ व कांस्टेबल अर्जुन सिंह रावत ने रोक लिया। कागजात न होने पर ट्रैक्टर ट्राली सीज कर दी गई।
करीब एक घंटे बाद पूर्व जिला पंचायत सदस्य की तख्ती लगी एक स्कार्पियो कार उनके पास आकर ठहरी। स्कार्पियो से उतरे लोगों ने ट्रैक्टर ट्राली सीज करने पर बवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने सीपीयू के दारोगा एवं कांस्टेबल से मारपीट कर दी और बैज फाड़ दिए। यही नहीं एक व्यक्ति ने पत्थर उठाकर दे मारा, पर वह बाल- बाल बच गए। इस बीच स्थानीय पुलिस और सीपीयू भी पहुंच गई। घटनास्थल से तीन आरोपी दबोच लिए गए, जबकि तीन हत्थे नहीं चढ़ पाए। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि गिरफ्त में आए मुख्य आरोपी जाहिर पुत्र ताहिर हसन की पत्नी पूर्व जिला पंचायत सदस्य रही हैं, जबकि उसके दो अन्य साथियों के नाम तसुव्वर एवं जाबिर हैं। फरार साथियों में से एक का नाम सैय्यद बताया गया है, जबकि दो अन्य के नाम नहीं बताए गए। सीपीयू के दारोगा राजेंद्र नाथ की ओर से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ये सब बहादराबाद क्षेत्र के गांव बढेडी घोडेवाली के रहने वाले हैं। इधर, पूर्व जिपं सदस्य पति जाकिर का आरोप है कि ट्रैक्टर ट्राली के कागजात की फोटो स्टेट दिखा दी गई थी, लेकिन वे रिश्वत मांग रहे थे।