आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में दूसरे दिन भी अभियान चलाकर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से राजनीतिक दलों के होर्डिंग-बैनर और पोस्टर उतारे गए। नगर निगम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में अभियान चलाया। देहात क्षेत्र में तहसील प्रशासन ने प्रचार सामग्री हटवाई। वहीं, पुलिस ने भी चौक-चौराहों से बैनर-पोस्टर हटाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने चुनाव अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिसको जो भी दायित्व दिया गया है, उसका सही तरीके से अनुपालन करें। उन्होंने लोकसभा सामान्य निर्वाचन की घोषणा के अनुरूप 20 मार्च से पूर्व नामांकन स्थल रोशनाबाद कलेक्ट्रेट की सभी तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। मतदान स्थलों पर आयोग के मानक के अनुरूप सभी सुविधाओं को विकसित करने के लिए भी निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव अधिकारियों को बताया कि फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र के अतिरिक्त आयोग की ओर से निर्धारित पहचान पत्रों के आधार पर मतदान की सुविधा दी जाएगी। इसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड के अलावा विभिन्न संस्थानों की ओर से फोटो युक्त पहचान पत्र भी मान्य होंगे।
कंट्रोल रूम किया स्थापित
लोक सभा सामान्य निर्वाचन को शांति पूर्वक, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से सम्पन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन कंट्रोल रूम की स्थापना पुराने आपदा प्रबंधन कक्ष में की गई है। इसके लिए दूरभाष नंबर 01334–239029 एवं टोल फ्री नंबर-1950 जारी किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम से जानकारी ली जा सकती है। कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित किया जाएगा। इसमें रोस्टर के हिसाब से कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
-
अवैध शराब और सीमा पर तस्करी रोकने के लिए बढ़ेगी चौकसी
हरिद्वार जनपद उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से जुड़ता है। चुनाव के दौरान शराब या मादक पदार्थ की तस्करी को रोकने के लिए जनपद की सीमाओं पर चौकसी बरतने के निर्देश पुलिस अधीक्षक ने दिए हैं। चुनाव अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि दूसरे राज्यों से किसी भी तरह की तस्करी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आबकारी विभाग को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सघन जांच करने और अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह पाबंदी लगाने के भी निर्देश दिए।