ऋषिकुल आयुर्वेद परिसर के अस्पताल में आईसोलेशन वार्ड का निरीक्षण करते हुए परिसर निदेशक प्रो. अनू?
- फोटो : HARIDWAR
कोरोना वायरस की आशंका और लोगों के स्वास्थ्य को लेकर स्वास्थ्य विभाग के साथ जिला प्रशासन के अधिकारी भी मैदान में उतरे हुए हैं। 24 घंटे में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 150 लोगों की स्क्रीनिंग कर उनके स्वास्थ्य की जांच की। इसी के साथ हरिद्वार के एक होटल में ठहरे फ्रांस के एक महिला व एक पुरुष को क्वारंटाइन वार्ड में भर्ती किया गया तो ऋषिकेश से रेफर कर भेजे एक पोलैंड के निवासी को मेला अस्पताल में भर्ती किया गया। मेला अस्पताल में भर्ती आईआईटी के छात्र की तीसरे दिन भी रिपोर्ट नहीं मिल सकी। हालांकि छात्र देखने में पूरी तरह से स्वस्थ है।
कोरोना वायरस के प्रति आशंकित विभाग अपनी तरफ से किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरत रहा है। सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी के निर्देशन में महकमे की टीमों ने विदेशी और विदेेशों से यात्रा कर लौटे 150 लोगों की 24 घंटे में स्क्रीनिंग की। उनका स्वास्थ्य सही पाए जाने पर टीम ने राहत की सांस ली, लेकिन उन्हें घरों से बाहर न निकलने का परामर्श जारी किया। वहीं, टीम ने केंद्र सरकार की गाइड लाइन के अनुसार फ्रांस के एक पुरुष और एक महिला को रोशनाबाद में बनाए गए क्वारंटाइन वार्ड में भर्ती किया। उन्हें 14 दिन के लिए वहां पर रखा गया है। इसके अलावा ऋषिकेश से रेफर होकर आए पोलैंड के नागरिक को संदिग्ध मानते हुए सावधानी बरतते हुए लाया गया और मेला अस्पताल में भर्ती किया गया। उसका सैंपल लेकर जांच को दिल्ली भेजा गया है। सीएमओ ने बताया कि मेला अस्पताल में भर्ती छात्र की रिपोर्ट अभी नहीं मिली है, लेकिन वह पूरी तरह से स्वस्थ है।
यह होती है क्वारंटाइन प्रक्रिया
सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि रोशनाबाद में क्वारंटाइन वार्ड बनाया गया है। संक्रामक रोग को फैलने से रोकने के लिए संक्रमित या संक्रमण की आशंका वाले लोगों को कुछ समय रखे जाने की प्रक्रिया को क्वारंटाइन प्रक्रिया कहते हैं। गाइड लाइन के मुताबिक विदेशी या विदेश से लौटने वालों को 14 दिनों तक क्वारंटाइन किया जाना है।
मेयर ने निगम कार्यालय में बांटे मास्क एवं सेनिटाइजर
मेयर अनीता शर्मा ने नगर आयुक्त नरेंद्र भंडारी के सहयोग से नगर निगम परिसर में सभी अधिकारी कर्मचारियों को मास्क एवं सेनिटाइजर वितरित किए। साथ ही सभी को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर अशोक शर्मा, पार्षद उदयवीर चौहान व हाजी शहाबुद्दीन आदि शामिल हुए।