- कुंभ मेले में भी मिलेगा लाभ, क्षेत्रीय विधायक रवि बहादुर ने किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। ग्राम पंचायत सुल्तानपुर माजरी स्थित पुरानी गंगनहर पर रविवार को क्षेत्रीय विधायक रवि बहादुर ने छठ घाट के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। घाट का विस्तार होने से छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
साथ ही कुंभ मेले और वर्षभर आयोजित होने वाले विभिन्न गंगा स्नान पर्वों पर भी इसका लाभ मिलेगा। विधायक रवि बहादुर ने कहा कि 200 मीटर का छठ घाट, पूजा श्रद्धा, आस्था और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। छठी मैया के भक्तों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से घाट का विस्तार कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार में गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। ऐसे में घाट का विस्तार होने से स्थानीय लोगों के साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। घाट का उपयोग छठ पूजा के अलावा कुंभ मेले और अन्य गंगा स्नान पर्वों के दौरान भी किया जा सकेगा। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री चौधरी किरणपाल वाल्मीकि, ग्राम प्रधान नीरज चौहान, संजय पालीवाल, राजबीर चौहान, मनोज धनगर, संजय सैनी, अतुल राय, प्रशांत राय, प्रदीप शर्मा, संतोष यादव, संजय दाताराम चौहान, संदीप चिनालिया, तनुज चौहान और दिलशाद आदि मौजूद रहे।