बहादराबाद। अंतरराष्ट्रीय जन कल्याण रविदास धाम ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों ने ने बुधवार को आंबेडकर पार्क के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। मौजूद लोगों ने बाबा साहेब के विचारों, समानता, शिक्षा, अधिकार और सामाजिक न्याय को आत्मसात करने का संकल्प लिया। ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश प्रमुख ने कहा कि यह पार्क सामाजिक समरसता, भाईचारे और संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। दर्जाधारी देशराज कर्णवाल ने निर्माण के लिए 51 हजार रुपये का सहयोग दिया। पार्क में भविष्य में सांस्कृतिक, शैक्षिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की भी योजना है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह कर्णवाल, प्रदेश प्रभारी रवि गौतम, जिलाध्यक्ष सुशील मालियान, अजय प्रताप, सागर रावण, गजेंद्र, पार्षद अमित आदि उपस्थित रहे।