हरिद्वार/सिडकुल। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य मार्ग की जर्जर हालत की व्यवस्था सुधारने और मार्ग के किनारे अवरुद्ध पड़ी जल निकासी व्यवस्था के निस्तारण की मांग की। डीएम को ज्ञापन देकर समस्या दूर न करने पर दी आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने जिलाधिकारी को बताया कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के नवोदय नगर क्षेत्र में लगभग 9-10 हजार लोग निवास करते हैं।
अधिकतर लोग नौकरी पेशा हैं, जो सुबह-शाम मार्ग से अपनी ड्यूटी पर जाते हैं। मुख्य मार्ग के दोनों ओर नवोदय नगर का मुख्य बाजार है, परंतु गड्ढों, धूल और पानी से भरी सड़क व्यापार पर भी असर डाल रही है। नवोदय नगर क्षेत्र में आने वाला मुख्य बाजार मार्ग 2-3 वर्षों से जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। वर्तमान में मार्ग की स्थिति यह है कि मार्ग में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें आए दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है। बरसात के महीनों में ये गड्ढे पानी से भर जाते हैं।
इससे मार्ग से चलना और भी जोखिम भरा हो जाता है। जिस कारण गर्भवती महिलाओं और बच्चे चोटिल हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि मार्ग को दुरुस्त कराने के साथ ही जल निकासी की शिकायत भी दूर कराई जाएगी। इस मौके पर मनोज सैनी, सोम त्यागी, अमित अवस्थी, अक्षय नागपाल, नंद लाल यादव, संदीप भार्गव, मनीष पटेल, तुषार सक्सेना, वासु नौड़ियाल, अंकुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।