पथरी। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत ने शनिवार को बिजली बिलों पर लगाए जा रहे सरचार्ज और स्मार्ट मीटर के विरोध में पदयात्रा निकाली। पदयात्रा पंजनहेड़ी गांव से शुरू होकर बुड्ढी माता मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए। भीड़ के चलते हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और कुछ समय के लिए वाहन जाम में फंस गए।
विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि ऊर्जा निगम मनमानी कर रहा है। घरेलू और व्यावसायिक बिजली दरों में भारी बढ़ोतरी की गई है और उपभोक्ताओं से सरचार्ज भी वसूला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि घरों में मनमाने तरीके से स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। कहा कि मात्र पांच हजार रुपये का बिल बकाया होने पर भी ऊर्जा निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपभोक्ताओं के घरों में पहुंचकर कनेक्शन काट रहे हैं और जुर्माना लगाकर लोगों को परेशान किया जा रहा है। इसके बावजूद सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
कार्यक्रम को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह रावत, कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद और विधायक रवि बहादुर ने भी संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, पूर्व सभासद अशोक शर्मा, राजवीर सिंह चौहान, पार्षद सुनील कुमार, सुशील चौहान, विमला पांडे, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री संतोष चौहान, अंजू मिश्रा, मुशर्रफ अंसारी, पूनम भगत, ताहिर हसन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।