गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर आंदोलनरत आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी के विरोध और गैरसैंण में जमीन बेचने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला फूंका।
शनिवार को महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता चंद्राचार्य चौक पर एकत्रित हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार गैरसैंण में स्थायी राजधानी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे आंदोलनकारियों को उठाकर जेलों में ठूंस दिया। गैरसैंण में वहां की जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए 2012 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने जमीन की खरीद-फरोख्त पर प्रतिबंध लगा दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने भू-माफिया के दबाव में आकर उस आदेश को रद्द कर दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. संजय पालीवाल ने कहा कि यह भाजपा सरकार का दमनकारी रवैया बर्दाश्त नहीं होगा। डॉ. संतोष चौहान, पूर्व विधायक रामयश सिंह ने कहा कि गैरसैंण में ज्यादातर जमीन भाजपा के नेताओं ने खरीदी।
श्रमिक नेता मुरली मनोहर और राज्य आंदोलनकारी जेपी पांडेय ने कहा कि 15 जुलाई को सभी राज्य आंदोलनकारी व कांग्रेसी नेता इन्हीं मुद्दों पर गांधी पार्क देहरादून में धरना देंगे। यदि फिर भी इस सरकार ने यह आदेश वापस नहीं लिया तो प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में अगली लड़ाई लड़ेंगे। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष यशवंत सैनी, शुभम अग्रवाल, शैलेंद्र सिंह, रवि कश्यप, राजबीर चौहान, विकास सिंह, अशोक शर्मा, बीएस तेजियान, फुरकान अली, बीना कपूर, नितिन तेश्वर, अनिल भास्कर, जटाशंकर श्रीवास्तव, रवि बहादुर, प्रदीप आहूजा, नीतू बिष्ट, सुमन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।