हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार की ओर से देवपुरा चौक पर चंपावत में नाबालिग बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने में हुई देरी पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। इस अवसर पर जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार जो बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देकर सत्ता में आई, लेकिन आज बेटियां उन्हीं के नेताओं से असुरक्षित हैं।
पूर्व विधायक रामयश सिंह और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा ने कहा कि उत्तराखंड हिमालय राज्यों में महिला अपराध में प्रथम स्थान पर है, जो उत्तराखंड जैसी देवभूमि के माथे पर कलंक है। जिसे उत्तराखंड की जनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
वरिष्ठ नेता राजबीर सिंह और वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा ने कहा कि भाजपा सरकार में महिला अपराध में संलिप्त अपराधियों को सत्ता के संरक्षण के साथ इन्हीं की पार्टी के पदाधिकारियों की संलिप्तता शर्मनाक और खेदजनक है। जिला महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव और महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लता जोशी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में आजतक वीआईपी की गिरफ्तारी न होना भी सरकार के मुंह पर तमाचा है। नाबालिग बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है।
इस मौके पर पार्षद हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी, अजय गिरी, रचना शर्मा, उत्कर्ष वालिया, मोहन सिंह राणा, पुनीत कुमार, अंजू द्विवेदी, नलिनी दीक्षित, जागरिया आदि मौजूद रहे।