फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस भाजपा का दलित प्रेम सिर्फ ढोंग: नसीमुद्दीन

Mon, 17 Oct 2016 12:05 AM IST
hridwar uttrakhanda india
विज्ञापन
कांग्रेस-भाजपा पर बरसी बसपा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा का दलित प्रेम महज ढोंग है। दोनों ही दलों ने उत्तराखंड को ए और बी टीम की तरह बारी-बारी से सत्ता में आकर लूटा है। नसीमुद्दीन रविवार की शाम रानीपुर विधानसभा के जगजीतपुर गांव में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश में मायावती सरकार के शासनकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तराखंड में भी तरक्की चाहिए तो बसपा की सरकार बनानी होगी।
विज्ञापन

जगजीतपुर के अंबेडकर पार्क में आयोजित सम्मेलन में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा और नरेंद्र मोदी अच्छे दिनों का नारा देते थे। मगर सत्ता में आने के बाद विकास की बातें छोड़कर घर वापसी, लव जेहाद, बीफ जैसे शिगूफे छोड़े गए। यूपी दादरी, गुजरात के ऊना और मध्य प्रदेश की घटनाओं का हवाला देते हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि अब गोरक्षा के नाम पर दलितों और मुस्लिमों को पीटा जा रहा है और प्रधानमंत्री कहते हैं कि दलितों को मत पीटो, मुझे गोली मार दो। ऐसी बात कोई असहाय व्यक्ति तभी कह सकता है, जब उसके बस में कुछ न रहा हो। उन्होंने पूछा कि क्या यही हैं अच्छे दिन हैं। कांग्रेस को मुस्लिमों के लिए आस्तीन का सांप बताते हुए नसीमुद्दीन ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा मुस्लिमों को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है और जब भी मौका मिला उसे डंसने का काम किया है। उन्होंने कहा कि डा. भीमराव अंबेडकर को जीवनभर सहन न करने वाले कांग्रेस-भाजपाई अब कहते हैं कि बाबा साहेब हमारे हैं। उन्होंने रानीपुर विधानसभा सीट के दलित मुस्लिमों से एकजुट होकर बसपा प्रत्याशी प्रशांत राय को जिताने की अपील की।
प्रदेश प्रभारी प्रदीप जाटव ने कहा कि देश प्रदेश का दलित मुस्लिम जिस दिन एकजुट हो जाएगा, उसी दिन अत्याचार और शोषण रुक जाएगा। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भृगुराषन राव ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में पहुंचने पर धन्यवाद दिया और प्रशांत राय सहित सभी उम्मीदवारों के लिए तन मन धन से काम करने की अपील की। सभा को प्रदेश प्रभारी सुरेश आर्य, विधायक सरवत करीम अंसारी, हरिदास, मुफ्ती रियासत अली, सूरजमल, डा. नैयर काजमी, नाथीराम आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दलित मुस्लिम व अन्य समाज के लोगों ने बसपा की सदस्यता भी ली।
विज्ञापन

--------------
 महिलाओं से मां बहन बेटी का रिश्ता
पार्टी सुप्रीमो मायावती के बचाव में एक बयान देकर यूपी भाजपा नेता दयाशंकर के परिवार के निशाने पर आए नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि मेरी पत्नी के अलावा पूरे भारत की महिलाओं से मेरा मां-बेटी और बहन रिश्ता है। इस नाते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जशोदाबेन भी मेरी बहन हुई। सिद्दीकी ने तंज कसते हुए कहा कि मोदी अपनी पत्नी के अच्छे दिन नहीं ला पाए, देश के अच्छे दिन क्या खाक लाएंगे।
----------
नेताओं से बिछुड़ों की तरह मिले समर्थक
बसपा से लंबे समय से बाहर चल रहे नेताओं की दो दिन पहले घर वापसी के बाद हरिद्वार में बसपा का यह पहला कार्यक्रम रहा। कार्यक्रम संपन्न होते ही बसपा में वापस आने वाले सूरजमल, नाथीराम जैसे नेताओं की तरफ उनके समर्थक उमड़ पड़े। किसी ने गले लगकर पार्टी में वापसी की बधाई दी तो किसी ने माला पहनाई। समर्थक लंबे समय से अपने बिछुड़े हुए नेताओं से बेसब्री के साथ मिले।
-----------------
प्रत्याशी के भाई सहित कई लोगों की जेब कटी
बसपा के कार्यक्रम में जहां नेताओं ने मंच से कांग्रेस भाजपा को कोसते हुए जबरदस्त भाषण दिए, वहीं कार्यक्रम संपन्न होते ही भीड़ मेें जेबकतरों ने भी अपना हुनर दिखाया। जैसे ही अंबेडकर पार्क से कार्यकर्ता बाहर निकले, तभी कई लोगों की जेब कट गई। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा से बसपा प्रत्याशी मुकर्रम अंसारी के भाई नदीम अहमद, विधानसभा कोआर्डिनेटर विनोद कुमार सहित कई लोगों की जेब से रुपयों से भरे पर्स जेबकतरों ने उड़ा दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें