पथरी। क्षेत्र की सहकारी समितियों में डीएपी खाद नहीं है। क्षेत्र के करीब 40 गांवों के किसान सहकारी समितियों में डीएपी खाद आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। किसानों ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों से जल्द ही सहकारी समितियों में डीएपी खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
गन्ने की फसल की छिलाई के बाद खेत खाली हो रहे हैं। अब खाली खेतों में गेहूं की बुवाई होनी है। किसानों को गेहूं की बुवाई में डीएपी खाद की सख्त जरूरत है। करण सिंह, सुरेंद्र, सुभाष, अनिल, बिजेंद्र, आबिद, सुलेमान, राशिद आदि किसानों का कहना है कि क्षेत्र में कटारपुर (धनपुरा), पथरी (टिहरी विस्थापित), अलावलपुर (पीतपुर) व बादशाहपुर में सहकारी समितियां है। इन सहकारी समितियों के गोदाम डीएपी खाद से खाली हैं। बादशाहपुर स्थित सहकारी समिति के सचिव अजय पाल सिंह का कहना है कि जल्द ही डीएपी खाद की रैक आने वाली है। डीएपी खाद आते ही किसानों को खाद उपलब्ध करा दिया जाएगा। संवाद