ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में कॉलेज जा रहे एक छात्र के साथ चार युवकों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि जटवाड़ा पुल पर स्कूटी पर सवार चार युवकों ने बिना किसी बात के छात्र को रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। छात्र की नाक और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुलशेर निवासी जमालपुर कलां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका करीब 21 वर्षीय बेटा वशी 18 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे घर से रामानंद कॉलेज जा रहा था। आरोप है कि जटवाड़ा पुल पर लाल रंग की स्कूटी पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। इसके बाद युवक उसके साथ गाली-गलौज करने लगे और मारपीट कर फरार हो गए।
घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। उन्होंने बेटे को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका मेडिकल कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में नाक और आंख में चोटें आने की बात सामने आई है। सीओ संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।