पथरी। शनिवार को आसमान में बादल छाए रहे। बादल देखकर किसानों की नींद उड़ गई। किसानों का कहना है कि अगर बारिश होती है तो खेतों में फसल की बुवाई का कार्य रुक जाएगा। इन दिनों खेतों में सरसों व गेहूं की बुवाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। किसानों ने काफी मेहनत कर बुवाई के लिए खेत तैयार किए है। रामेश्वर, जयपाल, बलकार सिंह, यामीन, रहीश, वाजिद आदि किसानों का कहना है कि यदि बारिश होती है तो बारिश का पानी तैयार खेतों में हो जाएगा। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर जाएगा। किसानों को बुवाई के लिए फिर से खेत तैयार करने पड़ेंगे। किसान पहले ही बुवाई के लिए डीएपी खाद नहीं मिलने से परेशान थे। बारिश होने से परेशानी और बढ़ जाएगी। बारिश के कारण सरसों व गेहूं की बुवाई और पिछेती हो जाएगी। पिछेती बुवाई से इसका फर्क फसल के उत्पादन पर पड़ता है। मुख्य कृषि अधिकारी जीएस भंडारी का कहना है कि किसान मौसम को देखकर बुआई करें, ताकि, बुआई को प्रभावित होने से बचाया जा सके।