- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
व्हाट्सएप लिंक पर क्लिक करते ही खाते से उड़ गए 5.11 लाख
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति को व्हाट्सएप पर आए ई-चालान लिंक पर क्लिक करना भारी पड़ गया। कुछ ही मिनटों में उनके बैंक खाते से 5 लाख 11 हजार 855 रुपये उड़ गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ज्वालापुर की हरिलोक कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो दिन पहले उनके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से एक संदिग्ध ई-चालान लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करने पर कोई विवरण नहीं मिला, लेकिन इसके कुछ ही मिनटों बाद लगातार तीन बड़ी ट्रांजेक्शन हुईं। पहले 2,55,800 फिर 1,51,055 और 1,05,000 रुपये उड़ा दिए गए। इस तरह कुल 5,11,855 रुपये खाते से निकाल लिए गए। घटना के तुरंत बाद साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।