-पथरी थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। थाना क्षेत्र में रास्ते पर रैंप बनाने का विरोध करने पर इब्राहिमपुर गांव में विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने एक परिवार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और घरों की छतों से पथराव किया। हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पथरी थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इब्राहिमपुर निवासी तस्लीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ अक्तूबर को वह परिवार के साथ अपनी बहन की सास के इंतकाल में मुडलाना गांव गए थे। दोपहर करीब ढाई बजे घर लौटे तो पड़ोसी चांद खां अपने घर के सामने उनके घर तक आने-जाने वाले रास्ते पर रैंप बनवा रहे थे। तस्लीम ने रास्ता अवरुद्ध होने की बात कहते हुए इसका विरोध किया।
आरोप है कि इस पर चांद खां, गुलफाम, जावेद, परवेज, अली, दिलू और जाकिर ने एकराय होकर उनके और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। सभी ने छतों से पत्थर भी फेंके, जिससे कई लोग घायल हो गए। सभी ने जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई जाएगी।