डीपीएस में आयोजित द रामायण एक्ट शो में भाग लेते छात्र-छात्राएं
- फोटो : HARIDWAR
दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर हरिद्वार के कनिष्ठ खंड में ‘द रामायण एक्ट’ शो में बाल कलाकारों ने बेहद आकर्षक प्रस्तुति दी। श्रीराम और रावण की कहानी को जीवंत कर दिया। सर्वप्रथम बालकांड से दशरथ पुत्रों के जन्म व नामकरण की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई। ताड़का समेत अन्य दुष्ट राक्षसों के वध और सीता स्वयंवर का दृश्य दिखाया गया।
प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा, बीएचइएल की हीप इकाई के कार्यपालक निदेशक संजय गुलाटी, रश्मि गुलाटी, स्कूल के प्रो. वाइस चेयरमैन केबी बत्रा, मनीषा जग्गा आदि ने दीप प्रज्ज्वलित कर शो का शुभारंभ किया। कैकयी के कोप भवन गमन, श्रीराम के वन गमन, भरत मिलाप, सूपर्णखा वध, सीता हरण, राम-हनुमान भेंट, बालि वध, लंका दहन से राम कथा का विस्तार किया गया। अंत में रावण वध और श्रीराम राज्याभिषेक का मंचन किया गया। सभागार जय श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान हो गया।
रामलीला में रावण के किरदार को बखूबी से निभाने वाली राखी ननकानी व अनाया ननकानी की टीम की सभी ने तारीफ की। नेहा सिंगल, नाइशा सिंगल, ज्योति सूरी, तनिष्का सूरी, आराध्या सूरी आदि बाल कलाकारों ने बेहतरीन प्रस्तुति दी। प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने सभी प्रतिभागियों की उनके उत्कृष्ट अभिनय के लिए प्रशंसा की। मुख्य अतिथि संजय गुलाटी ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। अंत में सभी प्रतिभागियों को उनके अविस्मरणीय योगदान के लिए स्मृति चिह्न भेंट किया गया।