हरिद्वार। ज्वालापुर से 15 दिन पहले गायब किशोरी को पुलिस ने चंडीगढ़ से बरामद कर लिया। किशोरी हीरोइन बनने का ख्वाब लेकर चंडीगढ़ पहुंच गई थी। किशोरी ने पुलिस को बताया कि फिल्म प्रोड्यूसर से उसका संपर्क फेसबुक के जरिये हुआ था। पुलिस प्रोड्यूसर से भी पूछताछ कर रही है।
ज्वालापुर से करीब 15 दिन पहले एक किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला, इसके बाद पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी थी। सर्विलांस से मोबाइल की लोकेशन चंडीगढ़ मिलने पर पुलिस की एक टीम चंडीगढ़ भेजी गई थी। टीम ने चंडीगढ़ से किशोरी को बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह हीरोइन बनना चाहती थी। इसी बीच फेसबुक पर उसका संपर्क एक युवक से हुआ। जिसने खुद को फिल्म का प्रोड्यूसर बताया। साथ ही उसने ये भी बताया कि उसे अपनी नई फिल्म के लिए हीरोइन की तलाश है। बातचीत बढ़ने पर किशोरी परिजनों को बिना बताए चंडीगढ़ पहुंच गई। पुलिस ने प्रोड्यूसर को भी हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। कोतवाली प्रभारी डीएस रावत ने बताया कि किशोरी को बरामद कर लिया गया है, जल्द ही उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।