हरिद्वार। जनशताब्दी एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान महिला का सोने की चेन व मंगलसूत्र झपटने वाले आरोपी को जीआरपी हरिद्वार ने दबोच लिया। आरोपी के साथी व सांसी गिरोह के बाकी सदस्य फरार हो गए। जीआरपी उनकी तलाश में जुट गई है।
आंध्र प्रदेश के जिला कृष्णा निवासी ए नागेश्वर राव और उनकी पत्नी मीरा स्वामी सात जुलाई को हरिद्वार रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हो रहे थे। इसी दौरान मीरा स्वामी के गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र लूट लिया था। एक अन्य यात्री महेश वर्मा निवासी मधु विहार जमालपुर कलां की अटैची से सोने का मंगलसूत्र व कान की बाली चोरी हुई थी। जीआरपी एसओ दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी कृष्ण कुमार निवासी यमुनानगर हरियाणा के कब्जे से सोने की चेन, मंगल सूत्र व नगदी भी बरामद कर ली गई है। आरोपी सांसी गिरेाह का सदस्य है और सहारनपुर देहरादून रेल मार्ग पर ट्रेनों में चोरी व लूटपाट करते हैं। उसके तीन अन्य साथी राजा, धर्मवीर और अशोक की तलाश की जा रही है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में हेड कांस्टेबल ताजवर सिंह बिष्ट, कांस्टेबल विनीत कश्यप, जसवीर सिंह, नरेश नेगी आदि शामिल रहे।