हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े पंजाब नेशनल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र को निशाना बनाते हुए लाखों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब केंद्र संचालक और कर्मचारी लंच के लिए घर गए हुए थे। वापस लौटने पर गेट का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पांवधोई मोहल्ले में चौक के पास कस्साबान निवासी तंजीम अहमद पंजाब नेशनल बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते हैं। शुक्रवार दोपहर वह अपने कर्मचारियों के साथ लंच करने के लिए घर गए थे। करीब कुछ देर बाद जब वह वापस केंद्र पहुंचे तो मुख्य गेट का लॉक टूटा हुआ मिला। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी गायब थी।
तंजीम अहमद ने बताया कि केंद्र के गल्ले में करीब ढाई लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि चोरों ने पहले रेकी की और फिर मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।