बदमाश सुनील राठी के नाम पर सराफा कारोबारी से मांगी गई 50 लाख की रंगदारी के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस रंगदारी मांगने वालों की तलाश में जुटी हुई है।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के शंकर आश्रम स्थित मोरा तारा ज्वैलर्स शोरूम पर जुलाई 2021 में हथियारों के बल पर संचालक और स्टॉफ को बंधक बनाकर करोड़ों रुपये की डकैती डाली गई थी। वहीं इस घटना के एक साल बाद 27 जुलाई 2022 केे मोरा तारा ज्वैलर्स शोरूम के संचालक निपुण गोयल से कुख्यात सुनील राठी के नाम पर पचास लाख की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी की रकम ना देने पर उसे और उसके परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दी थी।
रंगदारी मांगने की घटना से दो दिन पहले 25 जुलाई की रात को घर लौटते समय निपुण गोयल पर गोली भी चली थी। इसके साथ ही फिरौती मांगने वाले व्यक्ति ने यह भी कहा था कि यदि घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके 24 घंटे बाद फिरौती मांगने वाले व्यक्ति ने दोबारा कॉल कर एक खाते में रुपया डालने के लिए भी कहा था। भय के चलते निणुण मित्तल ने 20 हजार रुपये जमा भी करा दिए थे।
इसके बाद भी फिरौती मांगने वाला बार-बार फोन कर पैसे की मांग कर रहा था। जिसके बाद पीड़ित ने बुधवार की शाम को पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाल आरके सकलानी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।