- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित म्युनिसिपल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य से मारपीट कर ईंट-पत्थरों से वार करने के आरोप में पुलिस ने छात्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्रधानाचार्य के सिर, छाती, कंधे और हाथ में चोटें आई हैं। छात्र को स्कूल से निलंबित किया जा चुका था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज ज्वालापुर के प्रधानाचार्य सुनील कुमार कटारिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 अक्तूबर को दोपहर करीब 12:45 बजे एक छात्र ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि छात्र ने भारी ईंट-पत्थरों से वार किए, जिससे उनके सिर, छाती, कंधे और हाथ में चोटें आईं। घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।
प्रधानाचार्य का आरोप है कि हमले के दौरान छात्र ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। वहीं, सामने आया कि शिक्षक की शिकायत के बाद प्रधानाचार्य ने छात्र को निलंबित किया था। इसके बाद भी वह स्कूल में घूम रहा था। वह कक्षा 10 में पढ़ता है और नाबालिग है। सीओ संजय चौहान ने बताया कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।