हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट और महिलाओं व नाबालिगों से छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार ज्वालापुर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि रंजिश के चलते 13 अप्रैल की रात कल्लू, यूसुफ, इकराम, सलमान, हैदर, सुहेल, इश्तियाक निवासीगण पांवधोई ज्वालापुर घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप लगाया कि दो बहू और नाबालिग पोतियां बचाने के लिए आईं तो उनसे भी छेड़छाड़ करते हुए कपड़े फाड़ दिए और अश्लील हरकतें की।
आरोप है कि मारपीट करते हुए उन्हें घर से बाहर खींचकर लाने के बाद सड़क पर पिटाई की। तब उसकी जेब से 35 हजार रुपये, आधार कार्ड व अन्य कागजात भी लूट लिए। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें छुड़ाया। मामले में पुलिस को शिकायत देने पर भी कार्रवाई न होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह तनवार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।