- पथरी थाना क्षेत्र का मामला, बस चालक की तलाश शुरू की
हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवकों को टक्कर मारने वाले बस चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक युवक का अभी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मोहम्मदपुर कुन्हारी थाना लक्सर निवासी तस्लीम अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र कलीम अहमद 14 अक्तूबर को मोटरसाइकिल से शादी के कार्ड बांटकर बहादरपुर जट से घर लौट रहा था। उसके साथ गांव का ही मुजीब पुत्र रियासत भी सवार था। दोपहर करीब डेढ़ बजे अंबुवाला के निकट सामने से गलत साइड से आ रही बस ने बाइक पर टक्कर मार दी।
हादसे में कलीम अहमद और मुजीब गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को भूमानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर कलीम को जोलीग्रांट अस्पताल और वहां से देहरादून रेफर किया गया। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।