हरिद्वार। दुपहिया वाहन का आठ हजार का चालान काटने का विरोध करना भारी पड़ गया। सीपीयू ने वाहन स्वामी समेत 10 अज्ञात व्यापारियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और गाली-गलौज के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
बिल्केश्वर कॉलोनी के पास चेकिंग के दौरान सीपीयू की टीम ने सोमवार को कागजात ना होने पर दुपहिया वाहन चालक का आठ हजार रुपये का चालान कर दिया था। दुपहिया वाहन चालक ने इसकी जानकारी अपने मालिक को दी थी। मौके पर पहुंचे व्यापारियों ने सीपीयू की खिलाफत करते हुए कोरोना काल में उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। व्यापारियों के विरोध के चलते सीपीयू टीम वहां से लौट आई थी। सोमवार देर रात सीपीयू के उप निरीक्षक पवन नौटियाल ने वाहन चालक कर्ण पुत्र बहादुर निवासी जोगिया मंडी और वाहन स्वामी शरद अग्रवाल पुत्र विजय निवासी विकास कॉलोनी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा गाली गलौज करने समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। इनके साथ 10 अज्ञात व्यापारियों को दर्शाया गया है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि दो लोगों को नामजद करने के साथ 10 अज्ञात लोग के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विवेचना में आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-----
हर विरोध पर मुकदमे का ट्रेंड
कार्रवाई का विरोध होने पर सिटी पेट्रोल यूनिट (सीपीयू) का मुकदमा दर्ज कराने का ट्रेंड रहा है। सोमवार को हुए विरोध में भी सीपीयू ने यही किया है। पूर्व में भी सीपीयू विरोध होने पर इसी तरह के मुकदमे दर्ज कराती आई है। कई लोगों को विरोध करने पर मुकदमे झेलने पड़े हैं। बल्कि कई लोग जेल भी जा चुके हैं। गठन के बाद से सीपीयू के रवैए में कोई अंतर नहीं आया है।