विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से संवाद कर पाठ्यक्रम से जुड़े सवालों के जवाब दिए
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। डिवाइन लाइट स्कूल जगजीतपुर में विद्यार्थियों के लिए कॅरिअर फेस्ट का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सही कॅरिअर चुनने में मदद करना था। इस कार्यक्रम में देश के 18 शीर्ष विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें एमआईटी पुणे, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, चितकारा विश्वविद्यालय, आरआईटी रुड़की और अपेक्स विश्वविद्यालय प्रमुख रहे।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विभिन्न पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्ति और कॅरिअर के अवसरों पर महत्वपूर्ण परामर्श दिया। इससे विद्यार्थियों को काफी कुछ सीखने को मिला। कॅरिअर काउंसिलिंग का आयोजन कर विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन देने की पहल कई वर्षों से की जा रही है। इसमें प्रबंध निदेशक लक्ष्मीकांत सैनी और प्रधानाचार्य डॉ. किरण मिश्री शिक्षक संवर्ग के साथ विश्वविद्यालयों से आने वाले विशेषज्ञों से समन्वय करते हैं। कॅरिअर फेस्ट में शामिल हुए विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को कई विषयों पर जानकारी दी। इसमें सवाल जवाब का भी सत्र रहा। संवाद