हरिद्वार। टैक्सी की लोकेशन तलाशते हुए पहुंचे मालिक और उसके साथियों को ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर दी। नगर कोतवाली क्षेत्र में बाईपास रोड पर मारुति ट्रैवल्स के सामने हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने कड़े और अन्य वस्तुओं से वार किए। हमले में एक युवक की नाक की हड्डी टूट गई। पीड़ित टैक्सी कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, टैक्सी कारोबारी शंकर लाल ने शिकायत में बताया कि सहदेव कुमार अक्तूबर से उनके यहां ड्राइवर की नौकरी कर रहा था। आठ नवंबर की शाम उन्होंने सहदेव को दिल्ली की सवारी लेकर जाने के लिए एक हजार रुपये, मिठाई और टैक्सी सौंपी थी। रात में उन्होंने जीपीएस के माध्यम से गाड़ी की लोकेशन चेक की तो वह निर्धारित समय से पहले चलती दिखाई दी। इस पर उन्हें शक हुआ और वह अपने पड़ोसी अभिषेक व ड्राइवर अनिकेत के साथ गाड़ी की तलाश में निकल पड़े।
आरोप है कि बाईपास रोड पर मारुति ट्रैवल्स के सामने उन्होंने गाड़ी रुकवाई तो उसमें पांच लोग सवार मिले। इस पर शंकर लाल ने विरोध किया तो ड्राइवर सहदेव और उसके साथियों ने कड़े व अन्य वस्तुओं से उन पर हमला कर दिया। मारपीट में अनिकेत की नाक की हड्डी टूट गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।